चंडीगढ़: गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH), सेक्टर-32 के लिए बड़ी खुशखबरी है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने कॉलेज में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों को मंजूरी दे दी है। अब शैक्षणिक सत्र 2026-27 से कॉलेज में एमबीबीएस की कुल सीटें 150 से बढ़कर 200 हो जाएंगी।
इस फैसले के बाद हर साल 50 और छात्र-छात्राओं को एमबीबीएस में दाखिला लेने का अवसर मिलेगा। इससे मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों को राहत मिलेगी और क्षेत्र में मेडिकल शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि अतिरिक्त सीटों की मंजूरी कॉलेज की बेहतर शिक्षा व्यवस्था, आधुनिक सुविधाओं और NMC के सभी मानकों को पूरा करने के बाद मिली है। संस्थान लगातार मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहा है।
GMCH प्रशासन ने इसे कॉलेज के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि सीटें बढ़ने से भविष्य में अधिक डॉक्टर तैयार होंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सकेगा।
प्रशासन का मानना है कि यह फैसला न केवल मेडिकल छात्रों के लिए नए अवसर लेकर आएगा, बल्कि आने वाले समय में क्षेत्र में योग्य डॉक्टरों की कमी को दूर करने में भी मदद करेगा।