पंजाब डेस्क: पंजाब में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी स्कूलों के लिए विशेष सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को मानसून के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्कूल परिसरों की उचित देखभाल सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
निर्देशों के मुताबिक स्कूलों की छतों, पानी निकासी की पाइपों और पेयजल टंकियों की नियमित सफाई करवाई जाएगी। इसके अलावा कक्षाओं, प्रयोगशालाओं और लाइब्रेरी जैसी इमारतों में कहीं भी दरार या क्षति होने पर उसे जल्द ठीक कराने के लिए कहा गया है, ताकि बारिश के मौसम में किसी भी तरह की दुर्घटना या असुविधा से बचा जा सके।
हालांकि, इन निर्देशों के समय को लेकर कई अध्यापकों ने सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि इस तरह के रखरखाव और मरम्मत के काम मानसून शुरू होने से पहले पूरे होने चाहिए थे। बारिश के दौरान ऐसे कार्य कराना मुश्किल होने के साथ-साथ सुरक्षा के लिहाज से भी चुनौतीपूर्ण है।
शिक्षकों का यह भी कहना है कि यदि विभाग समय रहते बजट और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराता, तो स्कूल पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर सकते थे। अब बारिश के बीच रिपोर्ट और रिकॉर्ड मांगने से स्कूल स्टाफ पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।
फिलहाल, शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे मानसून के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें और विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।