पंजाब डेस्क: अमृतसर के जंडियाला गुरु स्थित मुख्य बाजार में देर रात आग लगने की बड़ी घटना सामने आई। इस हादसे में एक बर्तन की दुकान और एक फ्रूट-जूस की दुकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। आग में लाखों रुपये का सामान राख हो गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह बिजली के शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब दो बजे बाजार से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकानदारों और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए आसपास के लोगों ने दमकल विभाग के पहुंचने तक अपने स्तर पर आग को नियंत्रित करने की कोशिश की, ताकि दूसरी दुकानों को नुकसान न पहुंचे।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
बर्तन की दुकान के मालिक ने बताया कि उनका वर्षों पुराना कारोबार इस हादसे में तबाह हो गया। वहीं फ्रूट-जूस शॉप संचालक ने कहा कि आग लगने की सूचना मिलने पर वह तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दुकान में रखा फ्रिज, जूस मशीनें और अन्य उपकरण जलकर नष्ट हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष सतिंदर सिंह, उपाध्यक्ष अमन विरक समेत प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान का आकलन किया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।