आदमपुर हत्याकांड का पर्दाफाश: खेतों में मिली लाश मामले में दोस्त ही निकला कातिल, पुलिस ने दबोचा

जालंधर: आदमपुर के गांव मानको में खेतों से मिले युवक के शव के मामले में जालंधर देहात पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि हत्या को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि मृतक का करीबी परिचित था।

डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि 4 जुलाई को थाना आदमपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव मानको के एक किसान के खेत में खून से लथपथ एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान मृतक की पहचान जगजीत सिंह उर्फ जग्गी मान पुत्र मोहन सिंह, मूल निवासी सरहिंद (फतेहगढ़ साहिब) और वर्तमान निवासी गांव कद्दो, थाना दोराहा (लुधियाना) के रूप में हुई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ीं।

तफ्तीश में नभप्रीत सिंह उर्फ नभ, निवासी गांव शाहपुर, तहसील अमलोह, जिला फतेहगढ़ साहिब की भूमिका सामने आई। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी और मृतक एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे।

पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *