Punjab Crime: अमृतसर में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 25 किलो हेरोइन जब्त; अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच तेज

Punjab Crime: पंजाब पुलिस ने अमृतसर में नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 किलो हेरोइन बरामद की है। काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की टीम ने इस कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जो कथित तौर पर एक संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार संचालित एक तस्कर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों के अनुसार हेरोइन की खेप अलग-अलग स्थानों से एकत्र कर पंजाब के विभिन्न इलाकों में पहुंचाने की साजिश रच रहे थे। समय रहते की गई कार्रवाई से पुलिस ने बड़ी मात्रा में नशा बाजार तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर लिया।

मामले में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और सीमा पार मौजूद तस्करों से जुड़े लिंक की पड़ताल कर रही हैं।

पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *