जालंधर में देर रात मुठभेड़, पुलिस पर गोली चलाने वाला आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

जालंधर: गढ़ा रोड फायरिंग मामले में वांछित आरोपी श्यामदास और जालंधर पुलिस के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस आरोपी को वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने के लिए गढ़ा इलाके में लेकर गई थी। बरामदगी के दौरान आरोपी ने अचानक छिपाया गया हथियार निकालकर पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी।

पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।

जांच में सामने आया है कि श्यामदास मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का निवासी है। उसे हाल ही में एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने गढ़ा इलाके में हथियार छिपाने की जानकारी दी थी। इसी खुलासे के आधार पर पुलिस उसे हथियार बरामद कराने के लिए मौके पर लेकर पहुंची थी, लेकिन आरोपी ने अचानक हथियार निकालकर पुलिस पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गढ़ा इलाके में दर्ज हत्या के प्रयास (धारा 307) के एक मामले में भी वांछित था। शुरुआती जांच में उसके बिहार से पंजाब तक फैले नेटवर्क और नशा तस्करी से संभावित संबंधों की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है।

घटना के बाद एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी के स्वस्थ होने के बाद उसके खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *